Showing posts with label कहानी. Show all posts
Showing posts with label कहानी. Show all posts

Monday, 21 September 2015

मृगतृष्णा


Govind Pandit 'Swapnadarshi'
सरकारी नौकरी लगते ही रिश्तेवालों की सूची लम्बी हो गई थी. हर दिन एक नए रिश्ते लेकर कोई न कोई उसका घर चला आता था. अपनी मां से जब भी उसकी बातें होती वह लड़की के दादा परदादा से लेकर उसकी जनम कुण्डली तक बखान कर ही दम लेती. हर दिन रिश्ते के नए चेप्टर खुलते, उसके मन में इस बात को लेकर कुतूहल बना रहता था. उसे स्कूल के दिन याद हो आए थे. वहां भी हर रोज नए चेप्टर खुलते और नई-नई जानकारी मिलती थी. बात कुछ वैसी ही यहां पर भी उसके साथ हो रही थी. यहां भी हर रोज रिश्ते के चेप्टर खुलते थे और नई-नई लड़कियों की जानकारी मिलती थी. यहां के चेप्टर भले ही अलग होते, किंतु मूल बिन्दु तो एक ही थी, शादी. आखिर ये सब सुनते-सुनते गजेन्द्र का मन भी भर गया था. एक दिन उसने मां से कहा – मां ! शादी के अलावे भी तो कई सारी बातें होगी तेरे पास. तुम मेरी शादी के पीछे क्यों पड़ी हुई हो ?
उसकी मां डपटकर बोली – रेहेन दे, अभी शादी ना करेगा तो क्या अच्छी छोरियां हाथ में आरती की थाली सजाए तेरी आस में बैठी रहेगी ? आजकल अच्छी छोरियां मिलती कहां है ? तेरा भाग्य उजला है कि मनमोहनी - सी छोरियों के बाप तेरे आने के वाट जोह रहे हैं. सुन, अबकी बार जब अईयो, लड़की फाइनल करके ही जाना. हम बार - बार कुटुम्बों को अंधेर में नहीं रख सकते है. और हां खाना पीना ढंग से करना, पिछली बार जब तू आया था बहुत दुबला गया था. रखती हूं, घर में ढ़ेरों काम पड़ा हुआ है.                          
मां ने फोन रख दिया था, किंतु उनकी बातों पर ही गजेन्द्र का मन अबतक उलझा हुआ था. शादी .......शादी.......शादी........खुद को वह शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं कर पा रहा था. अभी उसकी नौकरी लगे साल भर भी नहीं हुआ था, और उसके घरवाले उसकी शादी के लिए परेशान हो रहे थे. पहला प्रोमोशन के बाद ही इसपर विचार करने के बारे में वह सोच रहा था किंतु, घरवालों की जिद्द के आगे उसकी एक भी नहीं चल रही थी.
इस बार घर आते ही उसकी खातिरदारी राजकुमारों - सी होने लगी थी. खान पान से लेकर बिछावन तक उसकी पसन्द का खास ख्याल रखा जा रहा था. बेटा चाहे कितने भी नालायक क्यों न हो लेकिन, शादी विवाह के समय आते ही उसकी खातिरदारी ऐसी होने लगती है, जैसे वह विश्व विजेता बनकर लौटे हो. पर यहां तो गजेन्द्र की बात ही कुछ जुदा थी. वह नालायक नहीं, बल्कि अपने खानदान का नाम रौशन करने वाला एक महत्वाकांक्षी युवक था. उसकी खातिरदारी राजकुमारों-सा होना तो बनता था.
सर्दियों का मौसम था. बाहर बगीचे में सुनहरी धूप आ गई थी. इस खिली-खिली सुबह को देखकर उसका मन भी खिल उठा था. अखबार उठाकर वह सीधे बगीचे में चला गया. बाहर की ठंडी हवा और खिली धूप का सम्मिश्रण पाकर उसका मन पुलकित हो रहा था. उसी समय अपने हाथ में कुछ तस्वीरें लिए उसकी मां वहां आ पहुंची. बेटे के हाथ में उन तस्वीरों को थमाकर उसकी मां वहीं सामने बैठ गई और बोली – अब तू खुद ही देख ले और अपना मनपसंद जीवनसाथी चुन ले. बाद में कोई गिला-शिकवा ना रहे मन में.
मां आप भी ना कमाल करती हो. फुरसत से देख लेते इतनी हड़बड़ी किस बात की ? – गजेन्द्र जरा झल्ला उठा.
तू ना समझेगा, शुभ काम में देरी किस बात की. – मां ने समझाना चाहा.
उसके हाथ में कई लड़कियों की तस्वीरें थी. साथ में उनके बायोडाटा भी लगे हुए थे. एक-एक कर वह तस्वीर देखता गया. फाइनली एक तस्वीर पर आकर नज़र अटकी – सोनम प्रकाश, एजुकेशन – एमबीए मार्केटिंग़. उसके बारे में सारा डिटेल्स लिया. वह अपनी ही बिरादरी की निकली. उसके पूर्वज पास के ही गांव के मूलवासी थे किंतु, नौकरी के बाद उनके दादा चण्डीगढ़ में जा बसे थे. उसके बाद उनका परिवार वहीं का होकर रह गया. सबकुछ मैचिंग में ही लगा. एक शुभ दिन देखकर वे लोग लड़की वाले के यहां पहुंच गए. लड़की तस्वीर से भी कई ज्यादा सुन्दर निकली. बात आगे बढ़ी और शादी तय हो गयी. चट मंगनी पट विवाह संपन्न हो गया.
नवविवाहित जोड़े सारे रस्मों को निपटाने के बाद बेंगलोर चले आए. गजेन्द्र वहीं नौकरी करता था. सोनम अपने शहर से काफी दूर आ गई थी. उसके लिए यह पहला मौका था जब उसे अपने घरवालों से इतना दूर रहना पड़ रहा था. अपनों से दूर होने के बाद उसके दिल में जो खाली जगह बन गई थी उसे अभी तक गजेन्द्र भर भी नहीं पाया था. गजेन्द्र स्वभावतः एक सुलझे हुए, माहिर एवं चिंतनशील युवक था. ऑफिस में अत्यधिक कार्य दवाब के बावजूद भी वह घर पर सोनम को इसका लेशमात्र भी भनक नहीं होने देता और बड़ी एनेर्जेटिकली उसके साथ घुमता-फिरता और मौज-मस्ती करता था. उसे हर वक्त खुश रखने के लिए नित-नए सरप्राइज पेश करता. नई-नई जगह घुमना-फिरना, अच्छे-अच्छे रेस्टोरेंट में सरप्राइज पार्टी रखना, छोटे-छोटे अवसरों को भी बड़े मनोरंजक ढंग से सेलिब्रेट करना और उसके मनचाहे गिफ्ट लाकर देना आदि मानो गजेन्द्र के लाईफस्टाइल में अहम रूप से शामिल हो गया था. इन सबके पीछे एक ही मंशा था – सोनम को सर्वाधिक खुशहाल रखना.
समय बीतता गया. सोनम भी पढ़ी-लिखी थी. घर पर यूं ही खाली बैठे रहना उसे अच्छा नहीं लगता. बेंगलोर जैसे शहरों में तो अवसर की कोई कभी भी नहीं थी. उसने भी जॉब कर ली. अब उसे भी अकेलापन महसूस नहीं होता. घर की आमदनी भी दुगुनी हो गई थी. गजेन्द्र को भी थोड़ी राहत मिली और काम करने से सोनम का भी मन लगा रहता था. साथ ही, धीरे-धीरे उसमें आत्मनिर्भरता की भावना भी आने लगी थी. यह उसके लिए अच्छी बात थी.
थैंक यू....यू....यू....यू ! – सोनम ने भी बड़ी प्यारी सी मुस्कान के साथ ‘यू’ को गीतलहरियों में पिरोकर उसका शुक्रिया अदा किया.
आज सचमुच वह बहुत ही खूबसूरत लग रही थी. वैसे वह बेशक खूबसूरत थी, पर आज उसके लिए खास दिन था इसीलिए कुछ ज्यादा ही सज-संवर कर ऑफिस आई थी. आज उनका फस्ट मैरिज एनिवर्सरी था. हाफ़ डे के लिए ऑफिस आई थी. ऑफिस में यह खबर फैलते ही सभी ने आकर उसे बधाई दी. खुद बॉस भी उसके पास आकर बोले – सोनम जी ! कंग्रेचुलेशन्स ऑन योर फस्ट मैरिज एनिवर्सरी. और यह हमारे ऑफिस की ओर से छोटी सी भेंट. कहकर उन्होनें गिफ्ट का एक पैकेट उसे थमा दिया.
सोनम घर तो आ गई थी किंतु, उसका मन अभी भी ऑफिस में ही चौकड़िया भर रहा था. अपनी सुंदरता को लेकर ऑफिस में मिले कम्प्लिमेंट से वह फूले नहीं समा रही थी. वह जानती थी कि वह खूबसूरत है किंतु, इतनी ज्यादा खूबसूरत है इस बात का अहसास उसे आज पहली बार हुआ था. उसमें भी बंटी के शब्दों ने तो मानो उसे किसी सेलेब्रिटी के समकक्ष लाकर खड़ा कर दिया हो. ब्युटीक्वीन, टेलेंटेड वाह ! वाह ! क्या बात कही थी उसने. आजतक गजेन्द्र ने भी उसकी तारीफ़ में ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं किया था या कभी किया भी होगा तो उसे नोटिस नहीं किया गया था. इसमें सच्चाई भी है, अगर पति तारीफ़ में अच्छे शब्दों का प्रयोग करे तो पत्नियों का ध्यान उसके शब्दों की ओर नहीं जाकर शब्दों के पिछे के कारणों की ओर चला जाता है कि आखिर आज जरूर कुछ बात है, इसीलिए खुशामद कर रहे हैं. पति द्वारा की गई तारीफ पत्नियों की नज़र में खुशामद बन जाती है, इसीलिए सही जजमेंट नहीं हो पाता.
शाम को घर आते ही सोनम ने ऑफिस की सारी दास्तान गजेन्द्र को सुनाई. उसने सबकुछ सुना किंतु, उतने इंटरेस्ट के साथ नहीं जितना कि सोनम अपेक्षा करती थी. पतियों की भी तो यही मानसिकता होती है कि अपनी पत्नी की तारीफ़ या निंदा का सिर्फ उन्हें ही फण्डामेंटल राइट प्राप्त है. अगर उसकी पत्नी की तारीफ़ या निंदा कोई और करे तो उन्हें लगता कि उनके फण्डामेंटल राइट का किसी ने अतिक्रमन कर लिया हो. कुछ ऐसा ही अनुभव गजेन्द्र को भी हुआ था. इसीलिए उसने भी टॉपिक को बदलते करते हुए कहा – अच्छा छोड़ो इन बातों को. आगे का क्या प्लानिंग है ?
सोनम ने कहा - चलते हैं किसी रेस्टोरेंट में.
ओ.के.
दोनों रेस्टोरेंट चल दिए.
************
बंटी सोनम के ऑफिस में उसका सहकर्मी था और अबतक वह कुंवारा ही था. वह हैण्डसम था, किंतु अभी तक उसकी शादी नहीं हुई थी या यूं कह लें कि वह शादी के बंधन में बंधना ही नहीं चाहता था.  अबतक वह कई लड़कियों के संपर्क में आ चुका था. उनके साथ घुमना-फिरना, मौज-मस्ती सबकुछ करता था. यहां तक कि कई लड़कियों के साथ उसने फिजिकल रिलेशन भी बना लिया था लेकिन, शादी की बात सामने आते ही उससे कन्नी काट लेता था. सोनम के प्रति भी उसके दिल में सॉफ्ट कॉर्नर था किंतु, वह इस बात को भी इग्नोर नहीं कर सकता था कि सोनम शादी-सुदा थी. सोनम ने भी इस बात को नोटिस किया था कि बंटी का उसके प्रति आकर्षन है किंतु, उसने बंटी को कभी भाव नहीं दिया था. वैसे भी सुन्दरता के प्रति आकर्षित होना तो मानवीय स्वभाव है.    
किंतु, उस दिन से सोनम और बंटी के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ने लगा. पहले हाय... हेलो... तक ही बातें सीमित थी लेकिन, अब दोनों धीरे-धीरे अपने मन की बातों को भी एक-दूसरे से शेयर करने लगे थे. कभी-कभार दोनों केफेटेरिया में जाकर एक साथ कॉफी भी पी आते थे. शुरू-शुरू में ऐसा करना सोनम को जरा अनकम्फर्टेबल लगता था पर, धीरे-धीरे आदत सी हो गई थी. जिस बंटी को देखते ही कभी उसे एक चिढ़ होती थी, किंतु अब उसके साथ होना अच्छा लगता था. बंटी भी इसका खूब फायदा उठा रहा था. वह उसकी तारीफ पर तारीफ करता जाता. उसे खूबियों का भण्डार साबित करने का प्रयास करता रहता था. वैसे लड़कियां पटाने के मामले में वह मंझे हुए खिलाड़ी था. उसने अपने सारे दांव लगा दिए. अपनी प्रशंसा सुनना भला किसे अच्छा नहीं लगता ? सोनम को भी उसकी प्रशंसा भरी बातें अच्छी लगती थी. दोनों के बीच का मेलेजोल धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गया. 
बंटी ज़रा मॉडर्न एवं खुले विचारों वाला लड़का था. जीवन में उसका ना कोई आदर्श था और ना ही वह किसी प्रकार की जिम्मेदारी उठाना चाहता था. जिम्मेदारियां उसे बंधन लगती थी. समाज के रीति-रिवाज, नियम-कायदे सब उसे ढकोसला लगता था. वह स्वच्छंद जीवन का हिमायती था. बादलों की तरह बंधनमुक्त जीवन जीना चाहत था.  
संगत का प्रभाव सोनम पर पड़ने लगा था. धीरे-धीरे उसके स्वभाव में परिवर्तन आने लगा था. दिन भर चहकने और मुस्कराने वाली सोनम बदलकर गंभीर और थोड़ी चिंतित रहने लगी थी. कई सारे सवाल उसके दिमाग में कीड़े की तरह सुगबुगाने लगे थे. उसकी चैन छीन गई थी और दिलपर बेचैनी ने डेरा डाल लिया था. इस परिवर्तन को उसने खुद आमंत्रित किया था. जिस गजेन्द्र को वह पहले दिलोजान से प्यार करती थी, उसके प्रति वह पूरी तरह समर्पित थी, अब उसी गजेन्द्र की हर खूबी और खामी की तुलना वह बंटी के साथ जोड़कर करने लगी थी.
एक दिन केफेटेरिया में चाय की चुस्की लेते हुए सोनम ने बात छेड़ी – बंटी जी ! इफ यू डोंट माइंड, एक बात पूछूं ?
हां बिलकुल पूछिए.
आपने अभी तक शादी क्यों नहीं की है ?
बंटी एक पल के लिए रुका, फिर बोला – एक्चुअली सोनम जी ! क्या बताऊं अभी तक आप जैसी कोई मिली ही नहीं.
आप जैसी मतलब ?
ब्युटीफुल, स्मार्ट एंड टेलेंटेड.
बस रहने दीजिए. अति सर्वत्र वर्जयेत. – सोनम ने कहा.
दिस इज़ द फेक्ट सोनम जी ! आजकल यदि आप जैसी सुन्दर और टेलेंटेड लड़की किसी को मिल जाए तो समझ लीजिए कि उसने पिछले जनम में जरूर कोई पुण्य का काम किया होगा.
व्हाट्स अमेजिंग ! आप भी पाप-पुण्यों जैसी बातों में बिलिव करते हैं ?
हां, कभी-कभी करना पड़ता है.
इसी तरह दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा और बंटी जितना संभव हो सका सोनम के करीब जाने के लिए उसकी तारीफ़ करता गया. सोनम भी एक दो वाक्य बंटी की तारीफ़ में कह देती थी. बंटी भी खुश और इधर सोनम भी खुश. दौर बदला लोगों की मानसिकता बदली, यह अच्छी बात है; क्योंकि बदलाव प्रकृति का नियम है किंतु, विडम्बना यह है कि यहां बदलाव का रथ अच्छाई की तरफ नहीं जाकर बुराई की ओर जाने लगी थी. सोनम को गजेन्द्र से अच्छा बंटी लगने लगा था. बंटी की प्रशंसा भरी चिकनी-चुपड़ी बातें उसे खुश कर देती किंतु, गजेन्द्र की जिम्मेदारीपूर्ण बातें उसे बोरिंग लगने लगी थी. बंटी उसे खुश मिजाज लगने लगा था, जबकि गजेन्द्र ऊबाऊ. सोनम के दिमाग में कम्पेरिजन का कीड़ा घुस गया था, जो उसके वैवाहिक जीवन को अंदर से नष्ट कर रहा था.
जब स्वार्थ की भावना मन में आती है तो उसका प्रभाव व्यवहार पर भी पड़ना स्वभाविक है. ऐसा ही सोनम के साथ भी होने लगा था. गजेन्द्र की जिन चुलबुली बातों पर वह पहले ठहाका मारकर हंसती थी आज उसकी वही बातें उसे दिखावा लगने लगी थी. गजेन्द्र जो उसका आदर्श था अब वह छलिया लगने लगा था. उनके पारिवारिक जीवन में खटपट शुरु हो गई थी. दोनों के बीच शिकवे-शिकायत का दौर चल रहा था. एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला. अंततः गजेन्द्र को लगा कि इन सारे फसाद की जड़ सोनम की नौकरी है. इसीलिए कड़ा कदम उठाते हुए उसने घोषणा कर दी कि तुम कल से नौकरी पर नहीं जाओगी. लेकिन, सोनम को उसका यह निर्णय नागवार लगा. उसने साफ़ शब्दों में कह दिया – चाहे जो भी हो जाए किंतु, मैं जॉब नहीं छोड़ सकती.
तुम्हें जॉब छोड़नी होगी, दिस इज़ माई ऑर्डर एंड लास्ट वार्न.
मैं अपनी जॉब छोड़कर तुम्हारा गुलाम नहीं बन सकती.
बात इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच हाथापाई भी हो गई. सोनम घर से निकलकर चली गई और एक अलग कमरा लेकर रहने लगी. यह बात दोनों के घर तक पहुंच गई. दोनों के घरवालों ने अपने-अपने स्तर से दोनों को समझाने का काफी प्रयास किया किंतु, बात नहीं बनी. नौकरी छोड़ने के लिए ना ही सोनम राजी हुई और ना ही गजेन्द्र उसे अपने साथ रखने के लिए राजी हुआ. दोनों एक ही शहर में रह रहे थे इसीलिए कई बार वे दोनों आमने-सामने भी हो जाते थे किंतु, एक-दूसरे को इग्नोर कर आगे निकल जाते थे. दोनों ऐसे रिएक्ट करते मानो वे आपस में कभी मिले ही नहीं हो. दोनों जो कभी एक जिस्म दो जान हुआ करते थे आज अजनबी बनने का नाटक कर रहे थे. इगो भी क्या चीज है. लोग कहते है इंसानियत सबसे बड़ी चीज है किंतु, मुझे यहां लग रहा था कि इगो इंसानियत से भी बड़ी चीज है जो इंसानियत के सीने में पांव रखकर आगे बढ़ जाता है. वहां दोनों के बीच वही तो हो रहा था.
***********
उधर बंटी और सोनम के बीच घनिष्टता बढ़ने लगी थी. बंटी सोनम के अकेलापन का भरपूर फायदा उठाने के फिराक में लगा हुआ था. अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों और प्यार का दिखावा कर आखिरकार वह सोनम का विश्वास जीतने में कामयाब रहा. अब सोनम का कमरा भी वह आने जाने लगा था. सोनम को भी इससे कोई एतराज नहीं होता. एक दिन घुटने के बल खड़ा होकर उसने अपने प्यार का इजहार कर ही दिया – सोनम जी ! आई लव यू. मैं आपको जी-जान से प्यार करता हूं. आपके साथ जिन्दगी के सारे ख्वाब सजाना चाहता हूं. आपके साथ जीना-मरना चाहता हूं. क्या आप मुझे इस लायक समझते हैं ?
सोनम कुछ जवाब तो नहीं दे पाई, किंतु उसे अपने हाथों से पकड़कर उठा लिया और सीने से लगा लिया. वह जरा भावुक हो गई थी. आंखों से आंसू निकल आए थे. बंटी ने अपने हाथों से उन्हें पोंछ दिया. इस क्रम में वह फफक कर रो पड़ी और बोली – बंटी ! गजेन्द्र दिल से बुरा नहीं है. उन्हें जरूर हम दोनों को लेकर कुछ गलतफहमी हुई होगी अन्यथा मेरे साथ वह इस तरह कभी नहीं पेश आते. मैं उन्हें अच्छी तरह से जानती हूं. मैंने भी ताव में उन्हें बहुत उल्टा-सीधा कह दिया था, नहीं तो बात यहां तक नहीं पहुंचती. इस हालात के लिए मैं ही गुनाहगार हूं. उस समय मेरी ही मति मारी गई थी.  
सोनम जी ! भूला दीजिए पूरानी बातों को, पिछे मुड़ने के बारे में आप क्यों सोच रहीं हैं ? आपकी भी अपनी लाईफ है, आप सेल्फ डिपेण्डेड हैं तो फिर दूसरों की गलती को भी अपने सर क्यों मढ़ रही हैं ?   
सोनम को बंटी ने अपने बाहों में भरते हुए कहा – जानू ! आप सिर्फ हां कर दो. फिर मैं दुनिया की सारी खुशियां आपके कदमों में लाकर रख दूंगा.
सोनम के मन में दुविधा थी. वह किसी और की पत्नी थी. अभी तक गजेन्द्र से उसका तलाक भी नहीं हुआ था. किंतु, फिर भी बंटी के बाहों में उसे अच्छा लग रहा था. आखिर बंटी भी तो उससे काफी प्यार करता था. बंटी के बाहों का कसाव मजबूज होता जा रहा था. वह डुबकर प्यार करने के लिए उतावला हो रहा था. सोनम भी अपोज नहीं कर रही थी. बंटी का साहस और बढ़ता गया. दोनों के जिस्म में आग दहकने लगी थी. कुछ ही पल में दोनों एक-दूसरे में समा गए. दो जिस्म एक जान हो गए. बंटी ने अपना उद्देश्य का चरम पा लिया था. वह खुश था. किंतु सोनम को ना खुशी थी और ना ही पश्चाताप. वह बस बिन विचारे परिस्थिति के साथ बह रही थी. उसके विपरीत जाने की हिम्मत उसके पास नहीं थी.
दोनों के प्रेम मिलन का दौर चलता रहा. इस सतरंगी दुनिया मैं बंटी को तो काफी मजा आ रहा था लेकिन, सोनम के अंदर किसी कोने में दुबक कर बैठी नैतिकता उसे ऐसा करने से रोक रही थी. उसने बंटी को ऐसा करने से रोकने का भी काफी प्रयास किया, किंतु बंटी की जिद के आगे वह निरुपाय हो जाती. बंटी के प्यार के आगे वह बेवश होकर अपना हथियार डाल देती. बंटी को उसने सबकुछ लूटा दी थी. बंटी भी हर रोज प्यार के नए-नए तरीके अपनाकर उसे इम्प्रेश करने का प्रयास करता था.
गजेन्द्र के दोस्त ने एक दिन गजेन्द्र को उनदोनों के बारे में पूरी जानकारी दी. गजेन्द्र तो आग बबूला हो उठा. सोनम के लिए उसके दिल में जो प्यार था वह अब नफ़रत में बदल गया था. उसका शक सही निकला था. सोनम की दगाबाजी ने उसे बावला बना दिया. उसके सर पर खूनी भूत सवार हो गया था. उनके दोस्तों ने काफी समझाया, बुझाया और उसे शांत किया. सभी ने मिलकर उसे तलाक ले लेने की नसीहत दी, क्योंकि उसके साथ रिश्ते निभाने का अब कोई सवाल ही नहीं था.
एक दिन मिली जानकारी के हिसाब से पूरी प्लानिंग कर गजेन्द्र अपने दोस्तों के साथ सोनम के पास जा पहुंचा, जहां उन दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया. गजेन्द्र ने तो बंटी पर लात-घुस्से बरसाने शुरू कर दिये, किंतु दोस्तों ने उसे पकड़ लिया.
गजेन्द्र आग बबूला था. उसने दांत पीसते हुए कहा – साले कमीने ! आई’ल किल यू. मेरी बीबी पर हाथ डालता है.
बंटी भी कॉलर झाड़ते हुए उठा और बोला – कौन है तेरी बीबी ? पूछो, है तेरी बीबी ?
गजेन्द्र फिर उसपर झपटा लेकिन, दोस्तों ने उसे पकड़कर अलग कर दिया.
बंटी ने भी अपना ताव दिखाया – चल हट साले ! यहां बड़ी मर्दानगी दिखा रहा है. मर्द था तो अपनी बीबी को संभाल नहीं सका, नामर्द कहीं के.
तबतक वहां काफ़ी भीड़ जमा हो चुकी थी. आसपास के लोग यही मानते थे कि बंटी ही उसका पति है. किंतु, आज जब उन्हें सच्चाई का पता चला तो वे लोग दंग रह गए. आज सोनम का चरित्र सभी के सामने आ चुका था. सोनम सिर झुकाए एक कोने में दुबककर सिसकियां भर रही थी. पल्लू से उसका मुंह ढका हुआ था. लोगों को अब वह मुंह दिखाने के काबिल नहीं थी. उससे तरह-तरह के सवाल पूछे जा रहे थे. लोगों का हर सवाल उसके दिल को तीर की तरह बेधता जा रहा था. वहां पहुंचे आसपास के लोगों ने सभी को समझा-बूझाकर मामला शांत करा दिया. अगले दिन गजेन्द्र के वकील ने तलाक के पेपर्स पर उनदोनों से साइन करवा लिया. कुछ ही दिनों में दोनों का तलाक भी हो गया.
बंटी और सोनम भले ही दोनों साथ रह रहे थे किंतु, दोनों के बीच अभी तक ना कोई कानूनन और ना ही कोई सामाजिक रिश्ता कायम हुआ था. एक तरह से कह लें तो वे दोनों ‘लिव इन’ रिलेशनशिप में रह रहे थे. भले ही भारतीय समाज इस तरह के प्रचलन को हज़म नहीं कर पा रहा हो, किंतु कानून ऐसे रिश्तों के संरक्षण में जरूर आगे आता है. हालांकि, फ्रांस, कनाडा, जापान, अमेरिका और इंगलेंड जैसे देशों की तरह अभी तक हमारे देश में इसपर कोई ठोस कानून नहीं बना है. फिर भी, यह प्रचलन एक खास वर्ग के तबके में बड़ी धड़ल्ले से फल फूल रहा है. बड़े-बड़े शहरों के फ्लैट कल्चर ने इस प्रचलन के लिए उपयुक्त जमीन तैयार कर दी है, जहां ना कोई समाज का बखेड़ा है और ना ही पड़ोसियों की शातिर निगाहों का डर.
आज की युवा पीढ़ी भले ही वेस्टर्न कल्चर की ओर आकर्षित होती है, उसे अपनाती है, किंतु उनके रगों में तो इंडियन कल्चर का ही लहू दौड़ता है. इंडियन कल्चर में ही वह पला बढ़ा होता हैं, अपने बड़े- बुजुर्गों को इसी कल्चर में जीते देखता है तो भला खुद को इससे अलग वह कैसे रख सकता है ? यही वजह है कि वेस्टर्न कल्चर की जिस खुश्बू से मदहोश होकर वे उधर आकर्षित होते हैं कुछ समय बाद उन्हें वहां की उसी खुश्बू के साथ निहित बद्बू का भी आभास होने लगता है और वहां उनका दम घुटने लगता है. फिर बेतहाशा अपने घर की ओर दौड़ पड़ते हैं. ऐसा ही कुछ सोनम और बंटी के साथ भी हुआ था. कुछ वर्षों तक साथ रहने के बाद दोनों की पटरी डगमगाने लगी. लिव इन रिलेशनशिप का फंडा अब उन्हें उबाऊ लगने लगा. सोनम को अब इनसेक्युरिटी का डर सताने लगा. वह बंटी पर शादी का दवाब बनाने लगी, किंतु बंटी अपनी आदत से बाज़ नहीं आया और वह टाल-मटोल करने लगा. वह शादी के बंधन में नहीं बंधना चाहता था. उसे आभास हो गया था कि इसके साथ अब ज्यादा दिन निभाना संभव नहीं है. उसने दूसरी मुर्गी की तलाश शुरू कर दी. जल्द ही उसका रिलेशन सोनिया के साथ सेट हो गया था, जो उसके कॉलेज के दिनों की फ्रेण्ड थी. शादी की तैयारी उधर शुरू हो गई.
इधर बंटी को हाथ से निकलते देखकर सोनम बौखला गई. उसके साथ बंटी ने दगाबाजी की थी. लाईफ पार्टनर बनने का झांसा देकर गजेन्द्र से उसका डायवर्स करवाया था. सोनम के हाथ अब कुछ नहीं बचा था. वह पूरी तरह लूट चुकी थी. वह इतना आगे निकल चुकी थी कि पीछे मुड़ना उसके लिए असम्भव था और इस सफ़र में केवल बंटी ही उसका एक सहारा था. घर-परिवार, नाते-रिश्ते, समाज, दुनिया दारी सबकुछ बहुत पीछे छूट गया था. उसने कभी कल्पना भी नहीं किया था कि ऐसे मोड़ में लाकर उसे बंटी दगा दे देगा. अब उसके पास कोई चारा नहीं था.
उधर बंटी और सोनिया की शादी की तैयारी जोर-शोर से चल रही थी. इधर सोनम की बेचैनी बढ़ती जा रही थी. समाज के सामने जाकर अब वह अपने हक की गुहार भी नहीं लगा सकती थी. समाज को पहले ही ठेंगा दिखाकर वह आगे बढ़ गई थी. समाज की बातें उसे दकियानुशी लगी थी. समाज उसे आडम्बर का पिटारा लगता था. किंतु, आज उसी की ओर वह लालायित दृष्टि से देख रही थी. मदद की गुहार के लिए तड़प रही थी.      
कोई और चारा नहीं देखकर अंत में उसने बंटी पर यौन शोषण का मुकदमा ठोंक दिया. शादी के दिन पुलिस ने बंटी को मंडप से उठाकर ले गया.
बंटी सलाखों के अंदर बैठे-बैठे आँसू बहा रहा था. पिछली सारी घटनाएँ बार-बार उसकी स्मृतियों में उभरने लगी थी. नई-नई लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाना, उनके साथ मौज-मस्ती करना और फिर उन्हें चुइंगम की तरह उगल फेंकना जो उसका लाईफ का फंडा था आज उसी फंडे के जाल में फंसकर बंदा सलाखों के अंदर चला गया था. उसे उसके गुनाहों का फल मिल रहा था.
किंतु, सोनम तो पूरी तरह लूट चुकी थी. उसकी हालत धोबी के कुत्ते की तरह हो गया था, जो न घर का होता है और ना ही घाट का. पश्चाताप की अग्नि में वह तिल-तिल जल रही थी. बंटी के प्यार में पड़कर उसने अपना स्वर्ग-सा जीवन का गला घोंटा था. अपना सर्वस्व लूटाया था. जिसे वह अपना सच्चा प्यार समझ बैठी थी, वह तो मन का वहम था, वह तो मन की मृगतृष्णा मात्र थी. जैसे-जैसे वह उसके करीब गई, उसका मोह भंग होता गया. अपने चिंतन की दुनिया से जैसे ही वास्तविक दुनिया में लौटी, तबतक पार्क में अंधेरा हो चुका था. लोग वहां से जा चुके थे. वहां पूरी तरह सन्नाटा छा गया था. जीवन के इस बेला में उसके अंदर और बाहर सिर्फ और सिर्फ सूनापन था.

                              समाप्त
    



Tuesday, 25 August 2015

लखिया

लखिया रामनारायण पाठक की पुत्री थी. रामनारायण पाठक पेशेवर शिक्षक थे, पर लक्ष्मी की उसपर विशेष कृपा नहीं थी. परिवार के भरण-पोषण के बाद वे बमुश्किल ही कुछ जोड़ पाते थे. उसकी आमदनी तो वैसे दस हजार मासिक थी, लेकिन खर्च भी कम कहां था ? हाथ छोटा कर वह जो भी जोड़ता पत्नी की दवा-दारू में सब हवन हो जाता था. उसका परिवार बहुत बड़ा नहीं था. वे लोग गिने-चुने चार सदस्य थे – दो लड़कियां और अपने दो. बड़ी लड़की लखिया आठ वर्ष की थी और छोटी मित्रा पांच की. उसकी पत्नी भगवती खूब धरम-करम करती किंतु, अपने पेट की पीड़ा से वह पिछा नहीं छुड़ा पाती थी. पाठक जी ने उसके पेट की पीड़ा के लिए क्या नहीं किया, कई शहरों के नामी-गरामी डॉक्टरों से इलाज करवाए, लेकिन आजकल की बीमारियों पर तो आग लगे छुटने के नाम ही नहीं लेती ?
एक दिन अचानक रामनारायण पाठक दुनिया दारी से मुक्त होकर चिरस्थायी निद्रा में लीन हो गए. भगवती की दशा अब आगे नाथ न पिछे पगहा वाली हो गई थी. घर के मुखिया का इस तरह अचानक चल बसना अच्छे -अच्छों को भी तोड़ कर रख देता है और भगवती तो ठहरी सदा पेट की बीमारी से परेशान रहने वाली एक मरीज. अब उसे जीने की कोई इच्छा नहीं थी किंतु, अपनी बेटियों के लिए उसे जीना जरूरी था. वह जिन्दगी से भाग नहीं सकती थी. जीवन में सुरसा की तरह मुंह फैलाए खड़ी चुनौतियों से उसे जुझना ही था. उनसे आर-पार की लड़ाई लड़नी ही थी. उसे कृष्ण बनकर जीवन के इस रणभूमि में अपनी बेटियों का मार्गदर्शन करना था. आगे की चुनौतियों ने अपने पति के विषाद में डुबी भगवती को झकझोरकर उठा दिया था. उसे जल्द ही संभलने पर मजबूर कर दिया था. उसने भी मरते दम तक चुनौतियों से लड़ने का प्रण ले लिया था. आस-पास के छोटे-छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर वह अपने जीवन की गाड़ी तिल-तिल आगे बढ़ाने लगी थी. अपनी दोनों बेटियों की परवरिश में उसने खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया था. कौन जाने किसका भाग्य में क्या लिखा है ?
लखिया बड़ी रूपसी थी और स्वभाव से उतनी ही चुलबुली भी. उसके अंग-अंग मानो सांचे में गढ़े गए हो. यौवन की दहलीज पर पांव रखते ही उसके रूप ने अद्भुत निखार ले लिया था. यौवन की मादकता आंखों में तिरछी चितवन बनकर, अधरों पर मधुर मुस्कान बनकर और बदन में आलस्य बनकर प्रकट होने लगी थी. उसने विश्व को मोह लेने वाला जगमोहिनी रूप पाई थी. गांव भर में वह सुन्दरता की मिसाल थी. वहां के लोगों को अपनी इस बिटिया पर फ़ख्र था.     
मिडिल पास कर अब वह हाई स्कूल में दाखिल हो गई थी. उसके मन में तरह-तरह के सपने पलने लगे थे. उसकी महत्वाकांक्षाएं लताओं की भांति डगडगाती हुई शिखर की ओर बढ़ने लगी थी. बचपन से ही उसपर जिन्दगी के कड़वे सच का दंश पड़ने लगा था. मुश्किलें इंसान को मजबूत बनाती है. पिता की मृत्यु के बाद लखिया को सिर्फ और सिर्फ परेशानियां ही नसीब हुई थी, जिसने कम उम्र में ही उसे काफी परिपक्व कर दिया था. वह खूब पढ़ना चाहती और आगे बढकर समाज के लिए कुछ करना चाहती थी, किंतु कभी-कभी घर की माली हालात उसे दुष्चिंता में डाल देती थी. उसका मन उदास हो जाता. सारे जोश, जुनून ठंडे पड़ जाते. किंतु, भगवती उसे सदा प्रोत्साहित करती रहती थी.
लखिया अब सयान हो गई थी. वह कॉलेज में दाखिला ले चुकी थी. उसका स्वभाव भी काफी बदल गया था. अब वह शर्मिली, संकोची और गंभीर स्वभाव की हो गई थी. सबसे नज़रे बचाती हुई वह कॉलेज आना-जाना करती थी. लोगों की कुदृष्टि का उसके मन में भय बना रहता था. वह एकदम पग-पग सचेत रहती थी. आए दिन देश-दुनिया में हो रही घटनाओं से भगवती का कलेजा कांप उठता था. बेटी को वह हमेशा सावधान करती रहती थी. दुनिया में कुछ लोग बड़े निर्मोही होते हैं. दूसरों की खुशी उनकी आंखों की किरकिरी बन जाती हैं. दूसरों के सुख-चैन लूटने में उन्हें वैसे ही आनन्द मिलता जैसे कसाई को निरीह पशुओं के कत्ल करने में मिलता है. खासकर लखिया जैसी खूबसूरत कलियों पर तो उनकी गिद्ध दृष्टि बनी रहती है. उनके रसीले जीभ लपलपाने लगते है. उनकी आंखों में हैवानियत का खून चढ़ आता है. वे अपना होशोहवास गंवा बैठते हैं और खिलने से पहले ही उस कली को अपने दरिंदे हाथों से मसल कर नष्ट कर देते हैं.
लखिया खूबसूरत थी. नवयुवकों का उसके प्रति आकर्षित होना तो स्वभाविक था. कॉलेज में कई लड़के उसके आगे पिछे मंडराते रहते थे. किंतु, उनकी नियत बुरी नहीं थी. उम्र का तकाजा था कि वे बस ऐसा स्वभाविक रूप से ही कर रहे थे. लखिया से उनकी नजरें टकरा गई या किसी बहाने उससे दो टूक बातें हो गई तो वे खुश हो जाते थे. गर्व से खुद की पीठ थपथपा लेते थे. लखिया को उन लड़कों से कोई भय नहीं था. उसे भय तो सिर्फ ललन से था. ललन बड़े बाप का बिगड़ेल औलाद था. दिन-रात वह अपनी ऐयासी में लगा रहता था. दुनिया की कोई ऐसी बुरी आदत शेष नहीं बची थी, जिसे उसने नहीं अपनाई हो. ड्रग से लेकर जुआ तक कुछ भी उससे अछूता नहीं था. उसका बाप धुरंधर सिंह भी कुछ वैसा ही दबंग किस्म का आदमी था. वह उस इलाके में कोयला माफिया का डॉन था. वहां की पुलिस भी उसके द्वार पर हाजिरी देने जाता था. उसकी करतूतों से जन-जन परिचित था किंतु, किसी के पास उसके विरूद्ध मुंह खोलने की ताकत नहीं थी. उसके विरूद्ध जाने वालों को वे सीधे उठवा देते थे.
ललन उसी कॉलेज में पढ़ता, जहां लखिया पढ़ती थी. बाप का ही पानी बेटा ने भी लिया था. अभी से ही बाप की तरह उसने भी दबंगाई शुरु कर दी थी. कॉलेज आना-जाना तो वैसे वह कम ही करता था. उसका ज्यादा समय तो घर और कॉलेज से बाहर ऐयासी करने में ही बितता था. किंतु, वह जब भी कॉलेज आता वहां हड़कंप मच जाता था. वहां की लड़कियां इधर-उधर छिपती फिरती और भय से कोई भी उसके सम्मुख नहीं आती थी. किसी लड़की पर अगर उसकी बुरी नजर पड़ गई तो फिर उसकी खैर नहीं. उसकी इज्जत-आबरू बच नहीं पाती थी. कॉलेज की कई लड़कियां उसके हवश का शिकार हो चुकी थी. उसके खिलाफ पुलिस, थाने सब कुछ हुआ था लेकिन, ढाक के वही तीन पात. आजतक उसे कोई सजा नहीं दिलवा पाया था. उसकी बुरी नजरों से बच कर रहने में ही सबको बुद्धिमानी लगती थी.
एक दिन अचानक लखिया का ललन से सामना हो गया था. वह कॉलेज से बाहर निकल ही रही थी कि अचानक कॉलेज के प्रवेश द्वार पर उसे अपने दोस्तों के साथ आता हुआ ललन मिल गया. वह डरी सहमी सिर झुकाए, किताबों को सिने से लगाए आहिस्ता-आहिस्ता आगे निकल गई थी. शुक्र था कि उसने लखिया को सिर्फ घुरकर देखा ही था. उसने ना किसी तरह की रोक-टोक की और ना ही उसके साथ कोई बदतमिजी की. वर्ना उसकी आदत इतनी अच्छी कहां थी ! वह तो लड़कियों को सीधे छेड़ना शुरू कर देता था. बदतमिजी पर उतर आता था.
लखिया सुन्दर थी इसीलिए वह ललन को पहली नज़र में ही भा गई थी. उसके दिल के किसी कोने में उसने कम्पन्न पैदा कर दिया था. धीरे-धीरे वह लखिया का आशिक़ बन गया. ये प्यार-व्यार भी क्या चीज है आज तक किसी को समझ नहीं आया है. इसकी ना कोई परिभाषा है, ना रूप, ना रंग, ना गंध. ढाई अक्षर के इस शब्द में ही सारा जादू समाया हुआ है, जिसने ना जाने कितने को मजनू, रांझा और फरहाद बना डाला है. आज उसी जादू के भंवर में एक और हलाल हो गया था. ललन का वैसे ही ज्यादातर समय सुन्दर-सुन्दर लड़कियों की बाहों में ही गुजरता था किंतु, उनमें से किसी से उसे प्यार नहीं हुआ. उसके दिल की गाड़ी गांव की भोली-भाली निर्दोष बाला लखिया पर जा अटकी थी. दोनों के बीच कितनी असमानताएं थी. ललन जहां बुराइयों के कीचड़ से लथपथ था, वहीं लखिया मानसरोवर में खिले कमल की ताजी पंखुड़ियों सी निर्मल. ललन निष्ठुर पाषाण दिल था तो लखिया शरदकाल के अलसाई सुबह में दूब के ऊपर पड़ी ओस की बूंद की तरह कोमल.
“साले जो भी हो किंतु, लखिया है बड़ी सुन्दर” – एकदिन ललन ने बातचीत के दौरान अपने दोस्तों से कहा.
कौन लखिया ? – उसके दोस्तों ने हैरानी से पूछा.
वही नई लड़की, डरी सहमी-सी नज़रे झुकाए चलने वाली. – ललन ने शब्दों के अनुरूप अपना सर हिलाते हुए कहा.
उसके दोस्तों को बड़ा आश्चर्य हुआ. आजतक उसने किसी भी लड़की को उसका नाम लेकर संबोधित नहीं किया था. उसके जुबान पर लड़कियों के लिए बस ‘लौंडिया’ शब्द ही आता था. लड़कियों के प्रति ना उसका कोई सम्मान था और ना ही इज्जत. उन्हें केवल वह उपभोग की वस्तु मानता था. किंतु, आज अचानक लखिया के लिए उसके मन में सम्मान देखकर उनके दोस्तों को हैरानी हुई.
क्यों आपको उसका नाम कैसे पता ? – एक दोस्त ने पूछा.
ललन मुस्कराते हुए बोला – मैंने उसकी बायोग्राफी पता कर ली है. वह बिसनपुर के स्वर्गवासी शिक्षक रामनारायण पाठक की बेटी है. ईमानदारी के क्षेत्र में उसके पिताजी का काफी नाम था. पापा बता रहे थे कि एक बार उसके साथ पापा का भी पंगा हो गया था. वह पापा को अंदर करवाने की धमकियां भी दे गया था किंतु, किस्मत से वह खुद ही ऊपर चला गया था, वर्ना पापा को ही अपना हाथ गंदा करना पड़ता.
तो तू उसपर इतना हमदर्दी क्यों जता रहा है ? – दूसरे दोस्त ने पूछा.
एक्चुअली वह मुझे बहुत प्यारी लगती है. उसे देखते ही मेरे दिल में कुछ-कुछ होने लगता है. – ललन ने कहा.
तब बताओ. कब तुम्हारी सेवा में उसे हाजिर करूं ? – तीसरे दोस्त ने कहा.
नहीं....नहीं उसके साथ मैं ऐसा नहीं कर सकता. उसे दुख होगा. मैं तो उसे दिल की रानी बनाना चाहता हूं. उसका सच्चा प्यार पाना चाहता हूं. उसके मन को जीतना चाहता हूं. तुमलोग उसके साथ कोई बदतमीजी मत करना – ललन ने सभी को चेताया.
कॉलेज में कई बार लखिया का सामना ललन से हुआ किंतु, उसके साथ किसी प्रकार का कोई बदतमीजी नहीं हुई. धीरे-धीरे लखिया के मन में ललन से जो डर था वह जाता रहा. ललन के स्वभाव में भी काफी बदलाव आ गया था. उसने भी अपनी बुरी हरकतें कम कर दी थी. कम से कम कॉलेज में तो उसने शराफत दिखानी शुरू कर दी थी. अब ना किसी लड़की को वह छेड़ता और ना ही किसी के साथ कोई बदतमीजी करता. उसने अपनी पाश्विकता त्याग दी थी और इनसान के दल में शामिल होने के लिए वह पंक्ति में खड़ा हो चुका था.
एक दिन उसने कॉलेज केम्पस के बाहर रास्ते में लखिया को रोक कर कहा – लखिया ! मैं तुम्हें चाहने लगा हूं और तुमसे शादी करना चाहता हूं.
लखिया ने कुछ जवाब नहीं दिया और वह आगे बढ़ गई. लड़कियों की चुप्पी में ही हां छिपा होता है इसी मानसिकता में आधी दुनिया जीती है. इसी मानसिकता की वजह से ना जाने कितने आशिकों के दिल का आशियाना उजड़ा है. कितने देवदास बनकर दर-दर भटकता रहा है. कितनों ने अपना सुख-चैन गंवाया है और ना जाने कितनों ने अपनी जान गंवाई या फिर निर्दोष लड़कियों पर आफ़त ढ़ाही है.
ललन भी आज उसी मानसिकता का शिकार हुआ था और उसने मन ही मन मान लिया था कि लखिया को उसका प्रस्ताव मंजूर है लेकिन, वह शर्म से बोल नहीं पा रही है. अपने दोस्तों में भी उसने यह बात फैला दी. शीघ्र ही यह बात पूरे कॉलेज में वाइरस की तरह फैल गई. लखिया से कई सवाल होने लगे, जिसका कोई जवाब उसके पास नहीं था. कुछ लड़कियों ने तो उसपर ताना कसना भी शुरू कर दिया था. सबकी नज़रों में वह गिरने लगी थी. कॉलेज के इस माहौल में उसका दम घुटने लगा था. कॉलेज में उसके बारे में हो रही तरह-तरह की बातें अब उसके बर्दास्त से बाहर हो गई थी. एक दिन तंग आकर उसने ललन से ही दो हाथ कर लेने का फैसला कर लिया.
तुम्हारी हिम्म्त कैसी हुई मेरे बारे में ऐसी अफ़वाह फैलाने की ? किसने कहा कि मैं तुमसे शादी करने के लिए तैयार हूं ? मेरी किस्मत फ़ूटी नहीं है, जो मैं तुमसे शादी करूंगी. तुम्हारे जैसे गुंडा से शादी करने से भला है कि मैं गंगा में कूद कर अपनी जान दे दूं. – सबके सामने उसने ललन को एक दिन झाड़ लगा दी.
उस दिन के बाद वह कॉलेज में बहुत कम ही दिखी. कॉलेज से एक तरह से उसका मन घबरा गया था. कॉलेज की सारी बातें उसने अपनी मां को बता दी. मां का दिल घबरा गया. उस दबंग के विरुद्ध जाने का मतलब खुद के ही पांव में कुल्हाड़ी मारना था. उसकी मां ने भलाई इसी में समझी कि कहीं कुछ ऊंच-नीच हो जाए इससे पहले बेटी की शादी कहीं कर दी जाए.
आज भगवती के घर खूब चहल पहल थी. आपुस कुटुम्ब लगन-हांडी के साथ एक-एक कर उसके घर आ रहे थे. आस-पास की स्त्रियां अतिथियों की द्वार छेकाई कर उनका आव-भगत करने में व्यस्त थी. सबके मुखमंडल पर आनन्द और खुशी के भाव नाच रहे थे. भगवती मशीन-सी दौड़ती फिरती सबको अलग-अलग कामों की जिम्मेदारियां सौंप रही थी. घर की सजावट का काम भी पूरा हो चुका था. खर्च के हिसाब-किताब की जिम्मेदारी भगवती का भाई दीनानाथ संभाल रहा था. लखिया की शादी में बस दो दिन शेष रह गए थे. मन में वह शादी को लेकर उत्साहित थी किंतु, अंदर से भयभीत भी. ज्यों-ज्यों शादी का समय निकट आ रहा था उसके दिल की धड़कन बढ़ती जा रही थी. आस-पास की हमउम्र लड़कियां उसके घर आकर वहां के वातावरण को गीतमय कर रही थी.
वह दिन भी आ गया, जिसका सभी को बेशब्री से इंतजार था. आज लखिया के लिए दूर शहर से कोई डोली सजाकर उसे लेने आ रहा था. लखिया भी दुल्हन के रूप में पूरी तरह सज संवर कर तैयार थी. लखिया तो सुन्दर थी ही किंतु, दुल्हन के रूप में तो वह अद्भुत लग रही थी मानो स्वर्ग से कोई परी उतर आई हो. वहां का पूरा माहौल आनन्दमय था. भगवती बाहर से प्रसन्न होने का दिखावा कर रही थी किंतु, अंदर ही अंदर वह कलप रही थी. उसने अपना खून से सींचकर जिगर के जिस टुकड़े को बड़ा किया था, आज वह उससे दूर जा रही थी. लाख कोशिश करने के बावजूद भी वह खुद को संभाल नहीं पा रही थी. लखिया ने उसे नहीं रोने की सौगंध दे रखी थी किंतु, मां की ममता को भला कोई बांध क्या रोक पाए. एकांत पाते ही वह छुप-छुप कर रो लेती लेकिन, सामने वाले को अपना दर्द का अहसास नहीं होने देती. अपना मन को उसने काफी समझाया और दिल मजबूत किया. बेटी पराया धन है एक ना एक दिन तो उसे डोली में बिठाकर खुद से दूर करना ही पड़ता. जिसपर अपना कोई वश नहीं चले तो भला अपना दिल को नाहक छोटा क्यों किया जाए ?
रात 8 बजे पूरे गाजे-बाजे के साथ वहां बारात आ गई थी. बाहर नाच-गान की धूम चल रही थी और अंदर वरमाला की रस्म के लिए लखिया के मेक-अप को अंतिम रूप दिया जा रहा था. पटाखों की धूम-धड़ाके के साथ मस्ती का माहौल बना हुआ था. सभी अपनी-अपनी धुन में मस्त थे. बारातियों का दल बेंड-बाजे के ताल पर थिरक रहा था. बारातियों की उसी भीड़ में ललन अपने दोस्तों के साथ वहां आ पहुंचा था. वह शराब के नशे में चूर था. डगमगाते कदमों के साथ वह स्टेज तक पहुंचने का प्रयास कर रहा था. वह लखिया को अपना बनाना चाहता था किंतु, अब लखिया उसके हाथ से निकल रही थी. इसीलिए उसकी आंखों में खून सवार हो गया था.  उसने ठान लिया था कि अगर लखिया उसकी नहीं हुई तो वह उसे किसी और की भी नहीं होने देगा.
चारों ओर लोग बैंड बाजे की धुन में नाच रहे थे. दुल्हा स्टेज पर बैठा था. बारातियों में दुल्हन की झलक पाने की उत्सुकता बनी हुई थी. उसी समय दुल्हन को उनकी सहेलियां वरमाला के लिए स्टेज पर धीरे-धीरे ला रही थी. दुल्हन को देखते ही बारातियों ने उसका जोरदार स्वागत किया. तालियों और सिटियों से आसमान गुंज उठा. दुल्हन के पांव होले-होले स्टेज की ओर बढ़ रहे थे. उसकी सहेलियां उसे घेरी हुई थीं. दुल्हन के हाथ में आरती की थाली सजी हुई थी और वह मंद-मंद मुस्करा रही थी.
उधर ललन ताक लगा रहा था. धीरे-धीरे उसने अपने पॉकिट से रिवाल्वर निकाल लिया था. वह जल्दी-जल्दी स्टेज के करीब पहुंचने का प्रयास करने लगा. वहां भीड़ भी खचाखच थी. वह सभी को धक्का देते हुए आगे बढ़ता गया. वह अब स्टेज के काफी करीब पहुंच चुका था, जहां से वह लखिया को पूरी तरह देख सके. उसने रिवॉल्वर को लोड किया और हाथ धीरे-धीरे थोड़ा ऊपर उठाया. भीड़ से नजरें बचाकर उसने लखिया के सीध अपना हाथ ले गया और उसके सिने पर सीधा निशाना साधा.
वहां मस्ती भरा माहौल था. महिलाएं अपने मधुर स्वर में नेग गीत गा रही थी. सबके मुखमंडल पर आनन्द ही आनन्द छाया हुआ था. दुल्हन के रूप-लावण्य को देखकर वहां हर कोई मंत्र-मुग्ध था लेकिन, ललन और उनके दोस्तों के दिल की धड़कन तेज़ हो हई थी. दुल्हन के रूप में लखिया के रूप-सौन्दर्य देखकर ललन के दोस्तों का भी दिल पसीजने लगा था किंतु, अब वे कुछ नहीं कर सकते थे. वे लोग ललन से बहुत दूर खड़े थे और उस भीड़ में ललन तक पहुंचना उनके लिए असम्भव था. ललन की अंगुली रिवॉल्वर के ट्रीगर को स्पर्श करती हुई उसपर अपनी पोजिशन ले चुकी थी. उसकी आंखों में खून सवार था. ट्रीगर दबाने से पहले वह एक बार लखिया को जी भर कर देख लेना चाहता था. लखिया आनन्दमग्न थी. उसके चेहरे पर अद्भुत-सी चमक आ गई थी. जिस लखिया को उसने अपने सामने हमेशा डर से सहमी हुई देखी थी, उसे आज पूर्ण निडर और आत्मविश्वास से लबरेज देखकर वह खुद आश्चर्य चकित था. लखिया ने दुल्हे के ललाट पर तिलक लगाकर उसकी आरती उतारी. उसकी सहेलियों ने दुल्हा और दुल्हन दोनों के हाथों में वरमाला दे दी. वरमाला पहनाने के लिए लखिया ने ज्योंही अपना हाथ ऊपर किया ठांय...ठांय...ठांय की जोरदार ध्वनि के साथ तीन गोलियां चल गई. भींड़ में एकदम-सी भगदड़ मच गई थी. किसी की समझ में कुछ नहीं आ रहा था, बस सब अपनी जान बचाने के लिए बेतहासा इधर-उधर भागे जा रहे थे.
गोलियां चलने की आवाज़ सुनते ही ललन के दोस्त वहां से पलायन हो गए थे और ललन लखिया के पैरों पर गिरकर माफी मांग रहा था. उसकी आंखों में अब खून नहीं बल्कि, पश्चाताप के आंसू थे. उसका नशा उतर गया था और अब वह पूरे होशोहवास में था. अपने दाएं हाथ में वह रिवॉल्वर थामे हुए था, किंतु उसमें अब गोलियां नहीं थीं. सारी गोलियां उसने हवा में दाग दी थी. लोग अब स्टेज पर जमा होने लगे थे.
अपने घुटनों के बल खड़ा होकर उसने लखिया से कहा - लखिया मुझे माफ कर दो. मैं तुम्हें जान से मारने आया था, क्योंकि तुमने मेरी बात नहीं मानी थी. मुझे छोड़कर तुम किसी और से शादी करने जा रही थी. मुझे इसकी खबर मिलते ही मैं आपे से बाहर हो गया था और अपने दोस्तों के साथ तुम्हें जान से मारने आया था लेकिन, मैं चाहकर भी तुम पर गोली नहीं चला सका और सारी गोलियां हवा में दाग दी, क्योंकि मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं. तुमने मेरी आंखें खोल दी है. मैं सचमुच बहुत बुरा हूं. सभी लड़कियां मुझसे डरती हैं इसीलिए कोई मुझसे प्यार नहीं करती. अबतक मैंने सिर्फ़ दूसरों को मजबूर किया था किंतु, आज तुमने मुझे मजबूर कर दिया है. मेरे पास ऐशोआराम की सारी चीजें है फिर भी मैं तुम्हारा प्यार नहीं पा सका, क्योंकि मेरे पास इनसानियत की कमी है. आज मैं तुमसे वादा करता हूं कि अब मैं एक आम इनसान की तरह जिन्दगी जीऊंगा. तुम मेरी नसीब में ही नहीं थी इसीलिए रब से दुआ है कि तुम जहां रहो खुशहाल रहो.     
तब तक वहां पुलिस आ चुकी थी. थानेदार साहब ने उसे धकियाते हुए उठाया और उसका कॉलर पकड़ते हुए एकदम कड़क आवाज़ में कहा - साले ! गुंडा गर्दी करते हो ? भीड़ में गोलियां चलाते हो ? चलो आज तुम्हें थाने में बदलाता हूं. ऐसी धारा तुमपर ठोकूंगा कि जिन्दगी भर जेल में ही सड़ोगे.
हां थानेदार साहब ! इस दरिंदे को कड़ी से कड़ी सजा दीजिए. इसने मेरी बेटी का जीना मुश्किल कर दिया था और आज इसे जान से मारने पहुंच गया है, इसे छोड़िएगा मत. – लखिया की मां ने ललन को कोसते हुए कहा.
नहीं थानेदार साहब ! इसका कोई कसूर नहीं है. यह मेरा अच्छा दोस्त है. हम एक साथ कॉलेज में पढ़ते है और आज मेरी शादी में यह मेरे निमंत्रण पर ही आया था. इसने अपनी खुशी जाहिर करने के लिए आसमान में गोलियां चलाई थी किसी को डराने या हानि पहुंचाने के लिए नहीं. अगर इसे गोलियां चलाने की अनुमति नहीं है तो आप इसपर कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं, अन्यथा इसे प्लीज छोड़ दीजिए. – लखिया ने थानेदार साहब से अनुरोध किया.  
ठीक है मैडम ! हम ऐसा ही करेंगे. फिलहाल इसने गोलियां चलाई है इसीलिए थाने ले जाना जरूरी है. – थानेदार ने कहा.
जैसा आप उचित समझे, प्लीज. – लखिया ने कहा.
थानेदार साहब ने अपनी जिप्सी में उसे बैठाकर थाने ले गया.  
लखिया की मां अपनी बेटी को आश्चर्य से देख रही थी कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया ? उसे दण्ड दिलाने के बजाय उसका बचाव क्यों किया ?
लखिया समझदार थी. उसे पता था कि उसपर कड़े आरोप लगाकर भी उसे सजा नहीं दिलाई जा सकती थी. थानेदार नए थे. उसे ललन और उसके बाप के बारे में पता नहीं था इसीलिए वह हेंकड़ी दिखा रहा था, वर्ना उसे थाने तक ले जाने की भी हिम्मत उसमें कहां होती ? ललन का हृदय परिवर्तन हो गया था इसीलिए उसे सजा दिलवाकर उसके अंदर छिपे जानवर को वह फिर से नहीं जगाना चहती थी. शादी की प्रक्रिया फिर से आरम्भ हो गई. लोग फिर एक बार झूम उठे.

    

पाखण्डी समाज

पाखण्डी समाज
सांझ का समय था. किसनलाल अपने बेलों को चारा खिलाने में मग्न था. मंद-मंद पूरबा चल रही थी. कुछ पल के लिए वह ठिठक गया और कमर सीधी करते हुए नथुना फूलाकर इधर-उधर सर घुमाते हुए कुछ पयान करने लगा. जोर-जोर से वह सांसें भर रहा था, सीआईडी कुत्ते की तरह जैसे किसी चीज का सुराग खोज रहे हो. हाँ, वह सुराग ही खोज रहा था. बासमती चावल की खीर की सुगंध का सुराग. खीर की सुगंध आ कहां से रही थी इसका अंदाजा लगाने का वह भरसक प्रयास कर रहा था. बासमती चावल की खीर का वह बड़ा रसिक था. कान के साथ-साथ उसकी नाक भी खूब तेज़ थी. सही पयान आखिरकार उसने कर ही लिया. यह खुशबू उसके घर की रसोई से ही आ रही थी. वह बड़ा गदगद हुआ. उससे रहा नहीं गया. ज़ोर से हाँक लगाई – “बबुआ की माई ! का बन रहा है आज ?”
बबुआ की मां रसोई घर से ही बोली – “सोची, बहुत दिनों से कुछ भल-मंद नहीं हुआ है इसीलिए आज बसमतिया खीर बना दे रही हूं. खीर खाए भी बहुत दिन गुज़र गए हैं.”
“आज लगता है सूरज पच्छिम से उगा था का जो तुम्हें बसमतिया खीर की याद आई ?” - किसनलाल ने कुछ छेड़ने के अंदाज में व्यंग्य तीर चलाया.
“हूंह ! पेटमधवा कहीं के. कितनों खिलाओ सबूर नहीं.” - बबुआ की मां तुनक कर मुंह टेढ़ा करते हुए बोली. 
“काहे बबुआ की मां, एतना जल्दी रुठ काहे जाती हैं ? हम तो यूं ही मजाक कर रहे थे. पर, आप तो सीधे दिल पे लगा लेती हैं.”
“अब हमारी मजाक करने की उमर रही का ? आप तो जितना बेसार हो रहे हैं उतना ही ज्यादा रसिक होते जा रहे हैं. जरा उमर का भी लिहाज कीजिए.”  
दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी था. अंधेरा अपने आगोश में सबकुछ समेटता जा रहा था. झींगुरों का स्वर तीव्र हो गया. मौसम अपना रूख बदल रहा था. आसमान में इग्गी-दुग्गी बादलों के टुकड़े भटकते हुए चले आए थे. दो चार तारे भी टिमटिमाने के लिए उतावले हो रहे थे. गांव के बच्चे भी खेलकूद कर वापस अपने- अपने घरों में जा रहे थे. शोरगूल कम हो गया. शांति का डेरा पड़ने लगा था. किसनलाल अपने बैलों को खिला पिलाकर गोहाल में बांध आए.
रसोई से बबुआ की मां बोली – “सुने ! बिहान बबुआ का फोन आया था. बोल रहा था अपने साथियों के संग बंबई जाएगा. मैंने साफ मना कर दिया. कह दिया घर आकर हमलोगों से एक बार मिल लेवे. अब कितना पढ़ेगा लिखेगा ? ईए बीए पास हो गया. अब सयान भी तो हो गया है. बियाह शादी कर अब अपना घर गिरस्ती संभाले. साल भर की खोराक तो अपनी खेती से आ ही जाती है. ठीक कहती हूं ना ? आप क्या कहते हो ?”
“हां....हां.....काहे नहीं. अब हमलोगों का भी तो हाड़-मांस कमज़ोर होने लगा है. वही तो हमारे लिए एक सहारा है. घर आते ही हम उसे समझा देंगे. अब बंबई-उंबई कहीं ना जाएगा. एक बढ़िया खानदानी लड़की देख उसका बियाह करा देंगे.” – पत्नी की बातों में रजामंदी जताते हुए किसनलाल ने अपना निर्णय सुना दिया.
किसनलाल एक साधारण किसान था. आठ दस बीघे का मालिक, एक छोटा-सा पोखरा था, पर था सदानीर. घर-वार भी कमज़ोर नहीं था. लकडी का बना मजबूत दो चरचल्ला मकान था. दो हर धुर था और दो दुधारु गायें जिनकी सेवा में वह रात दिन लगा रहता था. अगर आज के संदर्भ में देखा जाए तो उन पशुओं से किसनलाल को जितना लाभ होता था उससे कहीं ज्यादा उसे हानि उठानी पड़ती थी. बैलों से तो बस खेती के समय ही काम लिया जाता था और सालभर बैठे बिठाए खिलाना पिलाना पड़ता था. साथ ही, बच्चों की तरह देखरेख भी करना पड़ता था. गाय से सालभर में जितना दूध मिलता उससे कहीं ज्यादा उसके चारे में खर्च हो जाता था. फिर एक साल तो मुफ़्त में बैठे बिठाए खिलाना पड़ता था. ऐसा इकोनॉमिकल कैल्कुलेशन उसने कभी किया ही नहीं था या फिर वह करना ही नहीं चाहता था. निःस्वार्थ भाव से पूरे आनंद के साथ वह गोसेवा में लगा रहता था. लेकिन, अब दौर कितना बदल गया है. गांव में लोग पढ़े-लिखे बहुत कम होते हैं फिर भी, उनका दिल बहुत बड़ा होता है. शहरों में लोग पढ़-लिख ज्यादा गए हैं, पर उनका दिल छोटा होता गया है. और आज का आलम तो ये है कि लोग अपने माता-पिता की सेवा-सुश्रुषा में भी इकोनॉमिकल कैलकुलेशन करने लगे हैं. वाह ! डेवलॉपमेंट की कैसी पश्चिमी बयार चली, जिसने नैतिकता की मूल को ही झकझोर डाली. पशुओं की सेवा तो दूर की बात लोग अपने माता-पिता की सेवा से भी कतराने लगे हैं.     
बबुआ किसनलाल की एकमात्र संतान था, जो शहर में रहकर पढ़ाई कर रहा था. किसनलाल की पत्नी रत्नावली ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं थी पर, थी सांसारिक सुझबूझ की मालकिन. जिन मामलों में किसनलाल भी पछाड खा जाता वह उसे बड़ी चतुराई से सलटा देती थी. उसी की इच्छा से बबुआ को पढ़ने लिखने शहर भेजा गया था. उस गांव में लोग पढ़े-लिखे कम ही थे, पर थे बड़े धूर्त किस्म के. कोई सुख-चैन से जीए तो बाकि उसे पचा नहीं पाते थे. उसके खिलाफ तिकड़मबाजी होने लगती. सुख चैन छिनने की चालबाजी शुरु हो जाती थी. किसनलाल की पत्नी बड़ी अग्रसोची थी. भावी आगत-विगत सब वह भांप गई थी इसीलिए बबुआ को होशियार बनने शहर भेज दिया था.     
बबुआ पूरे दस साल बाद गांव लौट रहा था. गांव की धरती पर पांव रखते ही उसका रोम-रोम गदगद होने लगा. चारों ओर हरियाली थी. शहर की भागमभाग भरी जिन्दगी से दूर गांव के शांतिमय वातावतण उसे बहुत लुभावना लग रहा था. वहीं गांव की बिनबदली दशा देखकर उसे बड़ा आश्चर्य हुआ. वही पूरानी सड़क, तालाब, खेत-खलिहान, लोगों की चाल-ढ़ाल व रहन-सहन सबकुछ वैसे ही था जैसे दस साल पहले था. वहां इग्गी-दुग्गी नई झोपड़िया सिर्फ़ बनी थी.
किंतु, समय के साथ वहां की कल्चर में एक अनौखा बदलाव जरूर आ गया था. दस साल पहले उस गांव में एक विशाल इमली का पेड़ था. उस पेड़ की छांव में गांव के रसिक लोग दिन की धूप भरी दोपहरी में झूमर लगाया करते थे और मांदर के ताल पर थिरक-थिरक कर अपना मनोरंजन किया करते थे. वह पेड़ वहां आज भी था किंतु, अब ना झूमर के रसिक लोग उस गांव में रहे और ना ही उनकी झूमर मंडली. मांदर की धुन तो मानो उनके साथ ही स्वर्ग सिधार गयी. अब उन झूमर के रसिक लोगों की जगह गांव के अनपढुवे छोकरों ने ले ली थी. ऑल्ड जेनेरेशन झूमर के रसिक हुआ करते थे और ये न्यू जेनेरेशन जुआ के रसिक हो गए थे. वे लोग सबका मनोरंजन किया करते थे और ये लोग सबका जीना हराम कर रहे थे. पहले उनके मांदर की कर्णप्रिय धुन सुनकर सबका मन आनन्द से झूम उठता था और अब इन जुआरियों के मुंह से निकली गाली-गलौजी भरे शब्द कर्णभेदी बनकर सबके दिल को क्षत-विक्षत कर जाते थे.  
घर पहुंचते ही उसने मां बाबूजी के चरण छूए. मां ने उसकी आरती उतारी और फिर उसे अंदर ले जाकर चौकी पर बिठाया. बेटा को करीब देख मां के शिथिल देह में भी गजब की स्फूर्ति आ गई थी. मशीन-सी वह दौड़ती फिरती बबुआ के लिए भोजन की तैयारी लग गई. उसे समझ नहीं आ रहा था कि आखिर क्या बनाएं. बबुआ की मनपसंद चीज तो कभी मकई की रोटी और घर का बना अचार हुआ करता किंतु, अब इतने दिनों से शहर में रह रहा है तो सबकुछ बदल गया होगा. पूराने जमाने का खाना भला अब उसे क्या सुहाएगा ? वह मन-ही-मन सोच रही थी किंतु, एक बार बबुआ से पूछ लेना ही सही लगा.
उसने पूछ ही लिया – “बबुआ ! तू क्या खाना पसन्द करेगा रे ?”
“मां मकई की रोटी बना दो ना. खाने के लिए मन तरस गया है. शहरों में ये सब कहां मिलती है.”
“वाह बबुआ ! तू थोड़ा भी ना बदला रे. मुझे लगा तू बाजारू सामान पसन्द करने लगा होगा, पर तू तो अब भी वैसा ही है.”
बबुआ की मां झटपट बेटा का मनपसन्द व्यंजन बना कर उसे अपने हाथों से खिलाने लगी. अपने जातीय स्वभाव से भला वह बाज कैसे आती. बोली – “बबुआ तू कितना सूख गया है रे ! समय पर खाता-पीता नहीं था क्या ?”
मां जबतक बेटे को अपने हाथों से खिला-पिला ना ले उसे बेटे के स्वास्थ की शिकायत बनी रहती है चाहे बेटा भीमसेन ही क्यों ना बन गया हो. कुछ देर तक बबुआ मां की ममतामयी गंगा में गोता लगाता रहा. फिर पिताजी से मेल-जोल कर वह गांव के दोस्तों के साथ भेंट-मुलाकात करने निकल गया.
शाम को वह घर लौटा. दोस्तों के साथ हुए उछल-कूद में वह थक गया था. सीधे बिस्तर पर निढाल होकर वह लेट गया. विचारों के सागर में गोता लगाते-लगाते कब उनकी आंखें लग गई पता ही नहीं चला.
उसकी मां भोजन की थाल लेकर आई और सिरहन के पास बैठकर बेटे के सर पर हाथ फेरने लगी. मां के हाथों का स्पर्श पाते ही बबुआ की आंखें फिट गई. मां ने उसके लिए आसन लगाया और वह भोजन करने बैठ गया. मां सामने बैठकर पंखा डुलाने लगी. मां को विचारमग्न देख उससे रहा नहीं गया. उसने पूछ ही लिया – “मां ! क्या सोच रही हो ? कोई परेशानी है क्या ?”
बबुआ की बात सुनकर उसकी मां अकचका गई थी. मुखमंडल पर हल्की-सी मुस्कान लाकर वह बोली – “नहीं.... नहीं, कुछ नहीं बबुआ. कोई परेशानी की बात नहीं है. तेरे जैसा बेटा जिसके पास हो उसे परेशानी किस बात का रे ? ईश्वर की कृपा से सबकुछ अच्छा है बबुआ. तुम्हें खाने में और कुछ चाहिए क्या ?”
”नहीं..नहीं मां और कुछ नहीं चाहिए. पेट एकदम भर गया.”
किंतु, बबुआ को लगा कि मां उससे कुछ छिपा रही है. कुछ तो बात जरूर है क्य़ोंकि, मां कुछ चिंतित भी लग रही थी. उसने कुरेदते हुए पूछा – “नहीं मां ! तुम मुझसे कुछ छिपा रही हो. बताओ ना आखिर बात क्या है ?”
“नहीं बाबू ऐसी कोई बात नहीं है रे. बस तुम्हारे ही बारे में सोच रही थी.” – बेटे को तसल्ली देते हुए मां बोली.
“मेरे बारे में .... मतलब ?” – जिज्ञासापूर्वक बबुआ ने पूछा.
मां जरा गंभीर होकर बोली – “हां बेटा ! हम सोच रहे थे कि तुम्हारी पढ़ाई-लिखाई पूरी हो गई है और तू अब सयान भी हो गया है इसीलिए किसी अच्छे खानदान की लड़की देख तेरा बियाह करा दूं. बस हमारी जिम्मेदारी निपट जाएगी और हमलोग भी तो बूढ़े हो चले हैं. गांव में तुम्हारे जोड़ीदार जितना भी था सबका बियाह हो गया है इसीलिए अब गांववाले भी हमें ताने भी मारने लगे हैं.”
अच्छा, तो ऐसी बात है. तुम चिंता ना करो. मैं गांववालों को समझा दूंगा. अब कोई आपलोगों को ताने नहीं मारेगा.
नहीं बबुआ ताने मारे या ना मारे लेकिन, तू अभी शादी ना करेगा तो कब करेगा ? उमर धरी हुई रहती है क्या ?
मां अब जमाना बदल गया है. जबतक कमाने लायक नहीं हो जाऊँ, कौन पूछेगा मुझे ?
तू हाँ तो कर लड़की वाले आधा पांव उठा के रखे हुए हैं.
मां किस लड़की की किस्मत फूटी है जो मुझ जैसे बेरोजगार से शादी करेगी ?
तू बेरोजगार कहां है रे ? तू इतना पढ़ा-लिखा है, जब चाहे अफ़सर बन सकता है. और हमारे इतने बड़े घर-गिरस्ती भी तो है. कौन संभलेगा इसे ?
मां के साथ ज्यादा तर्क-वितर्क करना उसे उचित नहीं लगा. सो जाने मैं है अभी भलाई थी. इसीलिए मां से कहा - जाओ मां सो जाओ. मैं भी जरा थका हूं, नींद आ रही है.
बबुआ पढ़ा-लिखा था. उसकी सोच, उसके नज़रिए काफी परिपक्व हो गया था. आधुनिकता के दौर में कैरियर के मायने को भला वह कैसे झूठला सकता था. मन किंकर्तव्यविमूढ़ के दलदल में फंसता जा रहा था. मां को तो नींद का बहाना बनाकर भेज दिया किंतु, नींद उससे कोसों दूर थी. उसे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं. रातभर वह सो नहीं पाया. किसी अकल्पित भंवर में वह फंसता जा रहा था.
सुबह होते ही वह माता-पिता को समझाने में लग गया. जीवन में आनेवाली चुनौतियों से उन्हें अवगत कराया. दोनों ओर से काफी तर्क-वितर्क हुए. अंततः उनके माता-पिता को मानना पड़ा कि उनका बेटा सही है और उचित कदम उठा रहा है. अब समस्या थी गांववालों को समझाने की.
सुना था दीवारों के भी कान होते हैं किंतु, आज देख लिया. बबुआ बियाह नहीं करना चाहता है यह बात गांवभर में आग की तरह फैल गई. इसपर लोगों के मन में तरह-तरह के विचार उमड़ने लगे थे. कोई कहता किसी के प्यार में फंसा है, कोई कहता शहरिया छोकरी को बियाहेगा तो कोई कुछ और. समाज के अधज्ञानी ठेकेदारों को अपना दम्भ दिखाने का एक अच्छा मौका मिल गया था. कहते हैं कि अगर कोई नींद में है तो उसे जगाया जा सकता है किंतु, नींद में होने का अगर कोई नाटक करे तो भला उसे कौन जगा सकता ? समाज के ठेकेदारों की भी दशा कुछ वैसी ही थी. गांव में समाज की एक बैठक बुलाई गई. उसमें किसनलाल को भी बुलाया गया. बैठक के कारण का जब उसे पता चला तो वह थरथर कांपने लगा था. बैठक के मध्य से गांव का प्रधान उठा और अपना व्यंग्य बाण बबुआ के ऊपर साधते हुए बोला – गाँववालों ! आज हमें किसनलाल के बेटे बबुआ पर फख्र है. उसने उच्च तालिम पाकर गाँव का मान बढाया है, गाँववालों का माथा ऊँचा किया है. किंतु हमें खेद है कि वह गांव की परम्परा, मान - मर्यादा एवं निष्ठा के साथ खिलवाड़ करने जा रहा है. हमारे गांव में उसके हमउम्र के तमाम लड़के अपना-अपना घर बसा चुके हैं. उन्हें कोई एतराज नहीं हुआ. किंतु, बबुआ को अपनी पढ़ाई पर कुछ ज्यादा ही गुमान चढ़ आया है. हमारी परम्परा उसे औछी लगने लगी है. हम उनकी नज़र में रूढीवादी हैं, पूराने ख्यालात के हैं, देश-दुनिया की हमें समझ नहीं है. हमारी मर्जी से बियाह करने में उसने एतराज जाहिर किया है. यदि उसके इस अनुचित कदम को रोका नहीं गया तो कल के छोकरे अपनी मनमानी करते फिरेंगे. हम बड़ों की पूछ नहीं रहेगी. क्यों गांववालों आपलोगों की क्या राय है ? उसके इस अनुचित कदम को रोका जाए कि नहीं ?
हां....हां.....रोका जाए. अपनी नजर के सामने जीते जी ऐसा अनर्थ हम नहीं होने देंगे. – सभा में बैठे प्रधान के चमचों ने अपने हाथ ऊपर उठाते हुए एक स्वर में कहा.
प्रधान के स्वभाव व नियत से बाकि लोग परिचित थे. उन्होनें कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
देखिए आपलोगों को कोई गलतफहमी हुई है. ना मुझे अपनी पढ़ाई पर कोई गुमान है और ना ही मैं आपलोगों को रूढ़ीवादी और पूराने ख्यालात का मानता हूं. आप सभी मुझसे बड़े हैं और मैं आप सभी का सम्मान करता हूं. आपको दुनियादारी के मामलों में भी मुझसे कहीं ज्यादा अनुभव है. किंतु, आप सभी से मेरा एक अनुरोध है कि अभी के दौर में कैरियर काफी मायने रखता है. इसीलिए मुझे कुछ वक्त चाहिए और फिर मैं आप सबकी रजामंदी से ही शादी करूंगा. – अत्यंत विनम्रतापूर्वक बबुआ ने अपना पक्ष रखा.
समाज के ठेकेदारों को यह मंजूर कहां था ? दोनों तरफ से बहस होने लगी. एक तरफ आज के ग्रेजुएट तो दूसरी ओर समाज के पाखण्डी लोग. दोनों पक्षों में दमदार बहस छिड़ी. घंटे भर बीत गये पर बहस थम नहीं रही थी. बहस करने वालों से कहीं ज्यादा सुनने वाले मशगूल थे. समाज के ठेकेदार समाज को अपनी आडम्बरी चादर में ढके रखना चाहता था किंतु, बबुआ उस आडम्बरी चादर को चिरकर समाज का परिष्कृत रूप सबके सामने लाने का प्रयास कर रहा था. आखिर होना वही था. ग्रेजुएट बबुआ के सामने समाज के ठेकेदार कमजोर पड़ने लगे. बबुआ के तीक्ष्ण तर्क के आगे वे हथियार डालने पर विवश होने लगे. किंतु, अपने दम्भपूर्ण चेहरा को वे नैतिकता की आग में झुलसाना नहीं चाहते थे.
अब कोई और चारा नहीं देखकर गांव के प्रधान उठे और अपना ब्रह्मास्त्र छोड़ते हुए बोले – गाँववालों ! हमें खेद है कि आज हमारे सामने देवरूपी समाज की घोर निंदा हुई है और हम मूकदर्शक बने रहे. किंतु, इस निंदक के दुःसाहस को यूँ ही सह लेना हमारी मूर्खता होगी. अगर इसे कड़ी सबक नहीं सिखाया गया तो आये दिन लोग समाज को साग-बेंगन समझने लगेंगे. इसकी एहमियत धूल में मिल जाएगी. और ऐसा अनर्थ हम जीते जी नहीं होने देंगे. इसीलिए अपने बेटे की मूर्खता के कारण किसनलाल को सपरिवार समाज से बहिष्कृत किया जाता है. गांववालों के साथ उनका हुक्का पानी बंद.
प्रधान का निर्णय सुनते ही बबुआ की मां को मानो सांप सूंघ गई हो. प्रधान के पांव पकड़कर खूब गिड़गिड़ाई. पर सब व्यर्थ. सभी लोग अपने-अपने घर चल दिए. बबुआ आसमान से छँटते बादल की ओर निहारते हुए सोच रहा था कि काश ! इस पाखण्डी समाज से भी आडम्बरी चादर हट जाता तो समाज कितना प्यारा लगता. बिल्कुल नीले आसमान की तरह सुन्दर एवं मनमोहक.

समाप्त
         

@Govind